भोपा क्षेत्र में तीन दिन से लापता 28 वर्षीय युवक अंकुल का शव जंगल में सिंचाई की नाली में पड़ा मिला। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गांव अलीपुरा (तिस्सा) निवासी अंकुल तीन दिन पूर्व लापता हो गया था। परिजन तभी से उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार सुबह अंकुल का शव तिस्सा के जंगल में सिंचाई की नाली में पड़ा मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। ग्रामीणों और परिजनों ने अंकुल की हत्या की आशंका व्यक्त की है।
सीओ भोपा लक्ष्मण सिंह वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।