- ग्रास रूट फाउंडेशन कोलकाता के तत्वावधान अंडर-15 फाउंडर कप शुरू
- डीएवी कॉलेज के मैदान पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चौधरी नीरपाल सिंह ने किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। हॉकी के अंडर-15 ग्रास रूट डेवलपमेंट फाउंडेशन एंड फाउंडर कप के पहले दिन खिलाडि़यों ने शानदार खेल दिखाया। भिलवाड़ा ने हैदराबाद को एकतरफा मुकाबले में 4-0 के अंतर से पराजित कर पहला मैच जीता। दूसरे मुकाबले में मुजफ्फरनगर ने सोनीपत को 2-1 से हराया।
ग्रास रूट फाउंडेशन कोलकाता की ओर से आर्यसमाज रोड स्थित डीएवी कॉलेज के मैदान पर अंडर-15 हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चौधरी नीरपाल सिंह ने किया। उन्होंने खिलाडि़यों को कड़ी मेहनत से खेलने के लिए प्रेरित किया।
पहले मुकाबले में भिलवाड़ा ने हैदराबाद को 4-0, दूसरे मुकाबले में मुजफ्फरनगर ने सोनीपत को 2-1, तीसरे मुकाबले में प्रतापगढ़ ने सोलन को 4-0 ओर चौथे मुकाबले में देहरादून ने दिल्ली को 2-0 से पराजित किया। खिलाडि़यों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इसके अलावा मुजफ्फरनगर ने भिलवाड़ा को 2-0 से हराया। हैदराबाद और सोनीपत के बीच मुकाबला ड्रा रहा।
प्रतियोगिता का समापन 18 जून को होगा। ओलंपियन एमपी सिंह भी खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन करने के लिए समापन समारोह में शामिल होंगे। फाउंडेशन की ओर से इमरान आजाद, सत्यकाम तोमर, विनय कुमार, दीपक तोमर, पंकज त्यागी, संजय शर्मा, सुनील शर्मा, विजय पंवार मौजूद रहे।
ये टीमें कर रही प्रतिभाग
अंडर-15 हॉकी प्रतियोगिता में हैदराबाद, सोनीपत, देहरादून, प्रतापगढ़, सोलन, दिल्ली, मुजफ्फरनगर और भिलवाड़ा की टीम हिस्सा ले रही है।
लीग कम नॉक आउट आधार
टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। लीग कम नॉक आउट आधार पर मुकाबले कराए जा रहे हैं। 18 जून को प्रतियोगिता की विजेता टीम को फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतिभाओं की कमी नहीं : नीरपाल
पूर्व भारतीय खिलाड़ी चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। वर्तमान में जरूरत सिर्फ खिलाडि़यों को आगे बढ़ाने और सही प्लेटफार्म उपलब्ध कराने की है।