छपार में पंजाब नेशनल बैंक पर धरना देते भाकियू तोमर के कार्यकर्ता
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
अधिक ब्याज वसूली पर बैंक मैनेजर का घेराव
छपार। कस्बे में हाईवे स्थित पीएनबी शाखा पर मंगलवार को भाकियू तोमर गुट ने धरना-प्रर्दशन किया।
किसानों ने आरोप लगाया कि बैंक शाखा द्वारा किसानों को जारी किए गए किसान क्रेडिट कार्ड पर नौ से 14 प्रतिशत तक ब्याज वसूल रहे हैं। विरोध करने पर संबंधित किसान को ब्याज से अतिरिक्त रकम आधार कार्ड लिंक होने के बाद खाते में लौट आने की बात कही जाती है। गुस्साए किसानों ने बैंक मैनेजर से बात कर उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड की निर्धारित ब्याज दर सात प्रतिशत होने की बात कही, तो मैनेजर ने बात टाल दी। इस पर कार्यकर्ताओं ने मैनेजर को ऑफिस से बाहर निकालकर अपने बीच धरने पर ही बैठा लिया। इसकी जानकारी मिलने पर मुख्यालय से एलडीएम अमित बुंदेला ने धरने पर पहुंचकर किसानों से वसूला गया अतिरिक्त ब्याज एक माह के भीतर उनके बैंक खाते में रिटर्न किए जाने का आश्वासन दिया। उसके बाद किसान शांत हुए। ब्लॉक अध्यक्ष अजय त्यागी, श्रवण त्यागी, मौसम अली, इमरान त्यागी, बिष्णुदत्त त्यागी, रिजवान, इसराइल, प्रदीप, जवान सिंह, दिलशाद, रिजवान, आशू आदि मौजूद रहे।