आयुष मलिक और चांदनी। धर्मांतरण मामला।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के आयुष मलिक मामले में छपार के पूर्व प्रधान जुबैर ने सोशल मीडिया पर बनाए बबलू त्यागी नाम के एकाउंड से विवादित वीडियो वायरल कर दी। हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पूर्व प्रधान का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
हिंदू संघर्ष समिति संयोजक नरेंद्र पंवार और हिंदू रक्षा दल जिलाध्यक्ष सैंकी शर्मा बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं के साथ छपार थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि छपार के पूर्व प्रधान जुबेर ने बबलू त्यागी नाम से फर्जी खाता बनाकर वीडियो वायरल किया है। इस वीडियो से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठनों ने जनपद में सौहार्द और शांति व्यवस्था भंग होने का खतरा जताया। सैंकी शर्मा ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन थाने पर धरना प्रदर्शन करेगा।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए जुबेर का शांतिभंग में चालान कर दिया। सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपी पूर्व प्रधान के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान किया है।