मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कूल्हेड़ी में रविवार देर रात रंजिश के चलते युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुरतलिब (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। मुरतलिब देर रात दुकान से सामान लेने गया था, तभी दूसरे पक्ष के दो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुरतलिब को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मृतक पक्ष की तहरीर पर दो नामजद हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।