थाना फुगाना के गांव खेड़ा मस्तान में आरती (22) की उसके ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी। परिजनों ने यह आरोप लगाते हुए थाने पर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
तहसील क्षेत्र के गांव खेड़ा मस्तान निवासी रोहित की शादी 15 जुलाई 2024 को जनपद बागपत के गांव बली निवासी सोहनवीर की बेटी आरती के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले शादी के बाद से ही विवाहिता पर अतिरिक्त दहेज में बाइक व 50 हजार रुपये नगद, सोने के जेवर लाने के लिए दबाव बना रहे थे।
विवाहिता के साथ मारपीट भी की जाती थी। इस बारे में विवाहिता ने परिजनों को बताया था। परिजनों के अनुसार दोपहर में उनके दामाद रोहित के मोबाइल से उसके चाचा के बेटे राहुल ने सूचना दी कि उनकी बेटी आरती जीने से गिर गई है। 10 मिनट बाद ही कॉल कर बताया गया कि उसकी मौत हो गई है।
परिजनों ने बताया कि वह बेटी की ससुराल पहुंचे तो पता चला कि आरती की गला दबाकर हत्या की गई है। आरोप तो यह भी है कि उनकी बेटी का कुछ खून भी निकला था, जिसे रोहित व विकास ने साफ किया है।
मृतका की माता मुनेश ने फुगाना थाने में सास बबली, ननद अंशु, देवर विकास, पति रोहित व ससुर ओमकार के खिलाफ तहरीर दी। थाना पुलिस ने बताया कि विवाहिता के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट दर्ज कर ली है।