- पाइप लाइन बिछाने, नलकूप निर्माण को 39.95 लाख स्वीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। विस्तार में पालिका में शामिल हुए खांजापुर और होशियारपुर के ग्रामीणों को शुुद्ध पीने को पानी नहीं मिल रहा था। नगर पालिका ने यहां पाइप लाइन बिछाने और नलकूप निर्माण के लिए 39 लाख 95 हजार का प्रस्ताव पास कर दिया है। अब यहां के लोगों को शुद्ध पानी मिल पाएगा।
खांजापुर के लोगों को मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल पा रही थी। यह क्षेत्र ऐसा है जहां हजारों लोगों को पीने का शुद्ध पानी भी नहीं मिल पा रहा था। नगर पालिका की जलकल की टीम ने क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद एक रिपोर्ट तैयार की। नगर पालिका बोर्ड में इस क्षेत्र में पाइप लाइन डालने और एक नलकूप निर्माण का प्रस्ताव पास हुआ है। इसके लिए पालिका ने 39 लाख 95 हजार को मंजूरी दी है।
शुद्ध पेयजल की उम्मीद होगी पूरी
खांजापुर गांव के सुशील कुमार प्रजापति का कहना है कि यहां लगातार बस्ती बढ़ती जा रही है, लेकिन सुविधाओं का अभाव है। अब नगर पालिका में आने के बाद उम्मीद जगी है। सुमित का कहना है कि नगर पालिका में शामिल होने से खांजापुर का विकास होगा। अब कम से कम यहां पानी, सड़क और बिजली की व्यवस्था तो हो पाएगी। यहां लोग लंबे समय से परेशान हैं।
जल्द मिलेगा शुद्ध पीने का पानी
चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप का कहना है कि नगर पालिका ने सर्वे कराने के बाद पाइप लाइन बिछाने और नलकूप निर्माण का प्रस्ताव पास कर दिया है। इस क्षेत्र के लोगों को जल्द ही शुद्ध पीने का पानी मिल सकेगा।