- मिल प्रशासन ने किसानों से अभी मिल में गन्ना न लाने की अपील की है
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। रामराज क्षेत्र के टिकोला शुगर मिल में मिल के बाॅयलिंग हाउस का शीरा टैंक धंस जाने के कारण मिल को बंद करना पड़ा। आसपास से गुजर रहीं विद्युत तथा अन्य प्रकार की मशीनों की लाइनों के तार भी टूट गए और बड़ा फॉल्ट हो गया।
रामराज क्षेत्र के टिकोला शुगर मिल में शुक्रवार की दोपहर अचानक मिल के बॉयलिंग हाउस का शीरा टैंक धंस गया जिस कारण पूरा स्ट्रक्चर नीचे बैठ गया। इसके बाद आसपास से गुजर रहीं विद्युत तथा अन्य प्रकार की मशीनों की लाइनों के तार भी टूट गए और बड़ा फॉल्ट हो गया। पूरा स्ट्रक्चर अचानक बैठ जाने के कारण आसपास काम कर रहे मजदूरों में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में मिल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
मिल में दुर्घटना होने की सूचना पर रामराज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। मिल प्रशासन ने फाल्ट को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया गया है तथा मिल प्रशासन ने किसानों से अभी मिल में गन्ना न लाने की अपील की है। वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक सईम अंसार ने बताया कि मिल में फाल्ट को ठीक करने का कार्य लगातार चल रहा है। जल्दी ही सब कुछ ठीक कर मिल को पुन: सुचारू रूप से चालू किया जाएगा।