फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो मंत्री और एक सड़क, फिर भी गड्ढ़ों में लोग रहे भटक

विज्ञापन
गडढों मे तब्दील हुआ साकेत कालोनी का मुख्य मार्ग - फोटो : MUZAFFARNAGAR
विज्ञापन
- 06 जनवरी को केंद्रीय राज्यमंत्री और शहर विधायक ने किया था साकेत कॉलोनी की सड़क का शिलान्यास
विज्ञापन

- 10 साल से नहीं बनी सड़क, गड्ढाें में तब्दील हो चुका पूरा मार्ग, लोग परेशान
- क्षेत्रवासी बोले, दो मंत्री और एक सड़क, फिर भी गड्ढों से गुजरना पड़ रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शहर की मुख्य सड़कों में से एक साकेत कॉलोनी के मुख्य मार्ग की सड़क का केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान और राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने शिलान्यास किया था। आठ माह हो चुके है, लेकिन अब तक इस सड़क पर एक भी ईंट नहीं लगी। हालात ऐसे है कि पूरा मार्ग गड्ढाें में तब्दील हो चुका है। क्षेत्रवासी बोले, दो मंत्री भी एक सड़क का निर्माण नहीं करा पा रहे है। उन्हें गड्ढों से गुजरना पड़ रहा है।
साकेत कॉलोनी की सड़क की हालत खराब है। अंसारी रोड से साकेत कॉलोनी तक मुख्य सड़क जाती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर की सभी सड़के बन चुकी हैं, लेकिन साकेत कॉलोनी की सड़क दस सालों से नहीं बनी है। विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र के लोगों ने सड़क को बनवाने की मांग की थी। इसी के चलते राज्यमंत्री और शहर सीट से विधायक कपिलदेव अग्रवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने छह जनवरी 2022 को इस सड़क का शिलान्यास किया। शिलान्यास होने से इस कॉलोनी और इससे जुड़ी अन्य कॉलोनियों के नागरिकों में आशा की किरण जगी। एक करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण की जिम्मेदारी एमडीए को दी गई थी। आठ माह बीत चुके हैं, लेकिन सड़क पर आज तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इसी बीच इतना जरूर हुआ कि जल निगम ने सीवर डालकर और आईजीएल गैस कंपनी ने अपनी लाइन बिछाकर जगह-जगह गहरे गड्ढे जरूर कर दिए है। लोगों की परेशानी पहले से भी ज्यादा बढ़ गई है।
विज्ञापन

अब तो शिलान्यास भी मजाक सा ही लगने लगा
किरयाना की दुकान चलाने वाले सुबोध दीक्षित कहते हैं कि साकेत कॉलोनी के मुख्य मार्ग की सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क में गड्ढे नहीं गड्ढों में ही सड़क है। जिले के दोनों मंत्रियों ने शिलान्यास किया तो उम्मीद बंधी, लेकिन आठ माह बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। अब तो शिलान्यास भी मजाक सा ही लग रहा है।
साकेत कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर टाइल्स विक्रेता के दुकानदार अर्जुन सिंह मलिक का कहना है कि यह सड़क दस साल से नहीं बनी है। इस सड़क को कभी जल निगम वाले खोद देते हैं, कभी आईजीएल वाले गैस की लाइन बिछाने के लिए खोद डालते हैं। बनवाना तो दूर खोदे गए गड्ढे भी नहीं भरे जाते।
दुकानदार नकुल कहते हैं कि साकेत कॉलोनी की सड़क की हालत सबसे खराब है। शहर की जानी मानी हस्तियां इस मार्ग पर रहती हैं। इसके बाद भी सड़क की दुर्दशा है। भाजपा, कांग्रेस, सपा के कई बड़े नेताओं के निवास इस क्षेत्र में है।
साकेत मार्ग पर दुकान करने वाले रविंद्र शर्मा का कहना है कि इस सड़क को बने डेढ़ दशक हो चुका है। वोट के समय बड़े-बड़े वादे होते हैं, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं होता। विधायक, चेयरमैन, सांसद, सभासद यहां के लोगों की कोई सुनने वाला नहीं है।
इस मार्ग से जुड़ते हैं ये मार्ग
साकेत कॉलोनी के मुख्य मार्ग से ब्रह्मपुरी, बसंत विहार, सरवट, उत्तरी सिविल लाइन आदि कालोनियों के मार्ग जुड़ते हैं। मार्ग के नहीं बनने से इससे जुड़ने वाली कॉलोनियों के नागरिकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जल्दी होगा सड़क का निर्माण
किन्हीं कारणों से सड़क का टेंडर निरस्त हो गया था। अब दोबारा टेंडर हुआ है। जल्द ही सड़क का निर्माण होगा। - कपिलदेव अग्रवाल, राज्य मंत्री और शहर विधायक
शिलान्यास में शामिल नहीं हुआ
एमडीए ने शिलापट पर सांसद होने के नाते मेरा नाम लिखवाया होगा, लेकिन शिलान्यास मेें मैं शामिल नहीं था। मुझे इस सड़क के बारे में जानकारी भी नहीं है। शिलान्यास हुआ है तो सड़क बननी चाहिए। इस संबंध में अधिकारियों से बात करूंगा। - डॉ संजीव बालियान, केंद्रीय राज्य मंत्री
विज्ञापन

फाइल निकलवाकर देखेंगे
यह मामला उनसे पहले का है। कुछ दिन पहले ही वे आए हैं। क्या मामला है और सड़क बन क्यों नहीं पाई, इसकी फाइल निकलवा कर देखेंगे। - आदित्य प्रजापति, सचिव, एमडीए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें