रतनपुरी में शमशान घाट की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम
- फोटो : KHATAULI
रतनपुरी। रतनपुरी स्थित श्मशान घाट की भूमि की उच्चाधिकारियों के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की।
गांव के ही तेजपाल सिंह सहित ग्रामीणों ने एसडीएम खतौली को प्रार्थनापत्र देकर गांव में श्मशान घाट की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। एसडीएम के आदेशानुसार राजस्व निरीक्षक गुलजारीलाल के नेतृत्व में हल्का लेखपाल अमरदीप सिंह एवं लेखपाल बड़सू विजय कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर श्मशान घाट के नाम आवंटित भूमि की पैमाइश की। हल्का लेखपाल अमरदीप सिंह ने बताया कि सरकारी अभिलेख के अनुसार खसरा नंबर 620, 621, 622 व 625 की सवा 13 बीघा जमीन श्मशान घाट के नाम आवंटित है। इस भूमि पर सांसद निधि से एक श्मशान घाट का निर्माण कार्य भी चल रहा है। मौके पर पैमाइश के अनुसार करीब आठ बीघे भूमि पर श्मशान घाट की तारबंदी हो चुकी है। हल्का लेखपाल अमरदीप सिंह का कहना है कि उक्त संबंध में रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।