अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक सिंह ने कहा कि कांवड़ियों को जिले की सीमा में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देंगे। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी आवंटित किए गए क्षेत्र का भ्रमण करें। साफ-सफाई एवं स्वच्छता का भी निरीक्षण कर लें। कार्य के प्रति संवेदनशील रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस बार मजिस्ट्रेट अपने-अपने वाहनों में गंगाजल भी साथ रखेंगे।
जिला पंचायत सभागार में कांवड़ की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में एसएसपी ने कहा कि कांवडियों की मद्द के लिए लगाए गए शिविर सभी मानक एवं शर्तें पूर्ण करते हैं, यदि कोई कमियां हैं रह जाती हैं तो कर्मचारी उन्हें पूरी कराने का काम करें। ड्यूटी के दौरान भ्रमणशील रहें। यदि उनके स्तर से समस्या के समाधान में कठिनाई है तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।
अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में एंबुलेंस की स्थिति, 102 व 108 कहां पर स्थित है और 112 डॉयल की लोकेशन का भी पता रखे। शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और जिला पंचायत के एएमए का भी नंबर रखना सुनिश्चित करें। बिना अनुमति के कोई शिविर नहीं लगेगा। कांवड़ मार्ग में किसी भी प्रकार की मीट और अंडों की दुकानें नहीं खुलनी चाहिए। सभी ढाबों की चेकिंग करें। निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा कराएं। खादय पदार्थ मानकों के अनुसार बने और पालीथिन और प्लास्टिक का प्रयोग न किया जाए।
कंट्रोल रूम के नंबर किए गए जारी
सभी अधिकारी कंट्रोल रूम का नंबर 0131-2436918 व 9412210080 को अपने मोबाइल में सेव करके रखेंगे। अपना सूचना तंत्र मजूबत रखें और अपने उच्चाधिकारियों के संज्ञान में छोटी से छोटी जानकारी को भी साझा करें। कांवड़ यात्रा के लिए एक व्हाटसएप ग्रुप भी बनाया जाएगा, ताकि किसी भी घटना की तत्काल जानकारी दी जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, एसपी क्राइम प्रशांत कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप मौजूद रहे।