दून वैली स्कूल में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम में विचार रखती छात्रा
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर दून वैली पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें शिक्षिकाओं ने बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करते हुए उनकी कलाई पर स्वतंत्रता के कलावे बांधकर उन्हें जागरूक किया।
प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने कहा कि बालिकाएं विश्व को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। बिना बालिकाओं की विश्व की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। बालिका दिवस मनाने का उद्देश्य युवा महिलाओं के समक्ष मौजूद चुनौतियों और उनके अधिकारों के संरक्षण के बारे में जागरुकता पैदा करना है। समाज में जितना योगदान पुरुष का होता है, उससे कहीं ज्यादा एक स्त्री की सहभागिता होती है। भले ही वह अप्रत्यक्ष रूप से हो।
उप प्रधानाचार्य अंजली आनंद ने कहा कि हमारे समाज में लड़कों व लड़कियों में अंतर को लेकर भेदभाव होते हैं, लेकिन समाज में लड़कियों को लेकर व्याप्त विचारधारा उनके विकास में बाधक बन जाती है। जिससे न तो उनको समाज में अधिकार मिल पाता है और न ही उनका सामाजिक विकास हो पाता है। ब्रांच हेड अर्चना शर्मा ने कहा कि हमें लड़के व लड़कियों के अंतर के भेदभाव को मिटाना होगा। क्योंकि एक बालिका दो घरों को संवारती है। संचालन मनोज कुमार सिंधी ने किया।