15 दिसंबर को जनपद आएगी टीम, सभी एसडीएम और ईओ के साथ होगी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। लखनऊ से एक चार सदस्यीय वित्तीय कमेटी 15 दिसंबर को जनपद में आ रही है। यह टीम जिले की दो नगरपालिका परिषदों के साथ ही सभी दस निकायों में पिछले तीन वर्ष में कराए गए विकास कार्यों के साथ ही टैक्स और अन्य संसाधनों के माध्यम से की गई कमाई का हिसाब देखेगी। कमेटी के आने की खबर से निकायों में हलचल है।
डीएम सीबी सिंह ने निकायों को तमाम सूचनाएं समय से तैयार करने और बैठक की तैयारी के निर्देश दिए हैं। बैठक में सभी निकायों के ईओ के साथ ही अन्य अधिकारियों को भी उपस्थित रहने को कहा गया है। उत्तर प्रदेश नगर पालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड, लखनऊ के सचिव पप्पू गुप्ता बोर्ड के तीन अन्य अधिकारियों के साथ 15 दिसंबर की शाम को जिला मुख्यालय पर पहुंच रहे हैं। इसके लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इस दौरे की जानकारी दी गई है। इसमें बोर्ड के अधिकारियों द्वारा जनपद की दो पालिका और आठ नगर पंचायतों में पिछले तीन वित्तीय वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की सत्यापन होगा। सत्यापन में संपत्ति कर और जलकर के साथ ही लाइसेंस शुल्क के रूप में वसूल किए गए राजस्व, आय एवं व्यय, कर्मचारियों की संख्या, वेतन सहित कई बिंदुओं पर समीक्षा होगी। इसके लिए नगरपालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड द्वारा सूचना देने के लिए दो प्रारूप दिए हैं।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने प्रभारी अधिकारी निकाय नगर मजिस्ट्रेट, सभी उप जिलाधिकारी और पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को इस समीक्षा बैठक की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। ईओ से संबंधित सूचना तत्काल मांगी गयी है।