मुजफ्फरनगर। मोहल्ला मक्कीनगर निवासी प्रेमी युगल को थाने में प्यार की मंजिल मिल गई। घंटों की गहमागहमी के बाद दोनों के परिजन उनके निकाह को राजी हो गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मक्कीनगर निवासी युवक-युवती का काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शनिवार को युवती के परिजनों ने युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। थाने लाए जाने पर युवक ने प्रेम-प्रसंग की जानकारी देते हुए उसी से निकाह करने की बात कही। पूछताछ में युवती ने भी युवक संग प्रेम प्रसंग की बात कबूल करते हुए उसी से निकाह की बात कहते हुए अपने परिजनों से दोनों की जान को खतरा जताया। इस पर पुलिस ने दोनों के परिजनों को भी थाने बुला लिया। देर रात तक थाने में हुई गहमागहमी के बाद आखिरकार दोनों के परिजन उनके निकाह के लिए तैयार हो गए। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को निकाह न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की हिदायत देते हुए वहां से भेज दिया।