पुरकाजी। पुराने हाईवे पर बने गड्ढे लोगों के जी का जंजाल बन गए हैं। गांव भूराहेड़ी से फलौदा के बीच हाईवे कई जगह से टूटा पड़ा है। सूली वाला बाग के सामने भी हाईवे की हालात खस्ताहाल है। गड्ढों से पैदल गुजरना भी मुश्किल है। कुछ दिन बाद ही कांवड़ यात्रा शुरू होगी। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़िए भी इसी मार्ग से गुजरेंगे।
पुरकाजी कस्बे में अंदर से निकलने वाले पुराने हाईवे पर सूली वाला बाग के सामने बने बड़े-बड़े गड्ढे हैं। जगह-जगह से टूटी हुई सड़क मामूली बारिश में बदहाल हो जाती है। बिना बारिश के भी टूटी हुई सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई वर्षों से लोग बदहाल सड़क के टुकड़े को ठीक करने की मांग कर रहे हैं लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं हो पाई है।
कांवड़ यात्रा के लिए अधिकारियों की बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर फारूकी सहित कस्बे के जिम्मेदार लोगों ने अधिकारियों को इस जटिल समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारूकी का कहना है कि यह क्षेत्र नगर पंचायत की सीमा से बाहर है। लोकनिर्माण विभाग को पत्र भेजकर टूटी सड़क मरम्मत कराने की मांग की गई है। अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही टूटी पड़ी सड़क की मरम्मत कराने का प्रयास किया जाएगा।