- केनरा बैंक के एकल खिड़की कर्मचारी पर लाखों रुपये गबन का आरोप
फोटो समेत
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। कस्बे की केनरा बैंक की शाखा में हुए लाखों रुपये के गबन के शेष रुपये ग्राहकों के खाते में जमा न होने पर भाकियू कार्यकर्ताओं व पीड़ित ग्राहकों ने शाखा की तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया।
कस्बे की केनरा बैंक की शाखा में कार्यरत एकल खिड़की कर्मचारी अनूप शर्मा पर लाखों रुपये के गबन का आरोप है। भाकियू कार्यकर्ताओं व पीड़ित ग्राहकों ने शाखा पर धरना प्रदर्शन कर ग्राहकों के खाते में रुपये वापस कराने की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन किया था। बैंक ने करीब 40 लाख रुपये पीड़ित ग्राहकों के खाते में जमा करा दिए हैं। जबकि 14 पीड़ित ग्राहकों का 27 लाख दस हजार रुपये अभी बाकी है।
मंगलवार को सुबह भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह बालियान के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ताओं व पीड़ित ग्राहकों ने शाखा की तालाबंदी कर कर्मचारियों को अपने बीच में बैठाकर धरना प्रदर्शन किया। जिसके चलते शाखा में कोई कार्य नहीं हो सका व अन्य ग्राहकों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि जब तक पीड़ित ग्राहकों खातों में रुपया वापस नहीं आता तब तक कार्य दिवस में शाखा की तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। शाखा प्रबंधक गीता बिष्ट ने धरने की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। दोपहर के समय उच्च अधिकारियों ने भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष से मोबाइल फोन पर वार्ता कर शेष पीड़ित ग्राहकों के खाते में रुपया वापस कराने को लेकर समय की मांग की। जिस पर भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि वह धरना स्थल पर आकर लिखित में समय देने की बात कहते हुए पीड़ित ग्राहकों को शीघ्र उनके खातों में रुपया वापस कराने का आश्वासन दें।
बावजूद इसके कोई अधिकारी शाखा पर नहीं पहुंचा। ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 9:30 बजे शाखा की तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फुगाना में 17 नवंबर को आयोजित भाकियू की मासिक पंचायत में शाखा में हुए गबन का मुद्दा रखा जाएगा। इसके बाद जो भी निर्णय लिया जाएगा उसका पालन किया जाएगा। धरने पर भाकियू के मंडल सचिव सत्येंद्र प्रधान, बबलू चौधरी, धन सिंह, मंगेश त्यागी, अमित त्यागी, आदेश त्यागी, अवनीश त्यागी, मनोज कुमार, सुनील कुमार, संजय त्यागी, कासिम चौधरी, कंवरपाल बालियान, मेहताब, सलीम, अखलाक, नौशाद कुरैशी, मरगूब हसन आदि मौजूद रहे।