मुख्य कार्यक्रम में अर्जुन अवार्डी पहलवान दिव्या काकरान भी हुई शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमतीनगर में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के लोगो, एंथम, मशाल और जर्सी के अनावरण का जिला खेल कार्यालय पर लाइव प्रसारण देखा गया। अर्जुन अवार्डी पहलवान दिव्या काकरान ने मुख्य कार्यक्रम में भाग लिया।
मेरठ रोड स्थित चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में लाइव प्रसारण खिलाड़ियों को दिखाया गया। इस दौरान पहुंचे करीब 60 खिलाड़ियों ने समारोह लाइव देखा। कनिष्ठ सहायक राजेश कुमार ने बताया कि 25 मई से तीन जून तक प्रदेश के चार जिलों लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और गौतमबुद्धनगर समेत दिल्ली में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स- 2022 का आयोजन किया जाएगा। इसमें 21 खेलों में देश के 200 विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। व्यायाम प्रशिक्षक प्रमोद कुमार, अंशकालिक प्रशिक्षक प्रदीप कुमार, रवि सिंह, जूडो प्रशिक्षक किरण गौतम, रेनू रानी, जिमनास्टिक खिलाड़ी रोहित कैसले, रोबिन आदि मौजूद रहे।