संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। कथा व्यास अजय कृष्ण शास्त्री महाराज ने कहा कि गंगा स्नान एवं भागवत कथा पाप का बोझ कम कराती हैं। भागवत कथा अमृत का तत्व है, जो इसे ह्रदय भाव से सुनेगा वह निश्चित रूप से भवसागर तर जाएगा।
ब्राह्मण आश्रम शुकतीर्थ में राजस्थान अलवर से पधारे श्रद्धालुओं की ओर से साप्ताहिक भागवत कथा का आयोजन किया गया है। कथा शुभारंभ पर कलश यात्रा का आयोजन हुआ। इसमें कथा व्यास अजय कृष्ण शास्त्री महाराज को बग्गी पर बैठा कर भागवत पीठ शुकदेव आश्रम लाया गया। पूजन के बाद पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने कलश यात्रा का शुभारंभ किया। कलश यात्रा दंडी आश्रम हनुमान धाम पंजाबी धर्मशाला होते हुए गंगा घाट पहुंची, जहां पर पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के बीच गंगा पूजन कराया। इसके बाद यात्रा रविदास आश्रम मीना बाजार होते हुए ब्राह्मण आश्रम के प्रांगण में जाकर समाप्त हुई।