बुढ़ाना में मूसलाधार बारिश से कस्बे के हिंडन नदी के पास मकान में आई दरार।
- शुक्रवार की रात 78.2 मिली मीटर वर्षा रिकार्ड की गई
- शनिवार को दिन भर आकाश में छाए रहे बादल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार की रात भारी बारिश से शहर की काॅलोनियों और गलियों, दुकानों में पानी भरने से काफी नुकसान हुआ। जब तक सड़कों और गलियों से पानी नहीं उतरा, लोग अपने घरों में ही कैद रहे। शनिवार को पूरे दिन आकाश में छाए रहे बादल, कई बार बूंदाबांदी भी हुई।
शुक्रवार की देर शाम शुरू हुई बारिश से शहर में बड़ा नुकसान हुआ है। इस बारिश की हालत यह रही कि शहर के शिवचौक से मीनाक्षी चौक तक तालाब जैसी स्थिति बन गई। सड़कों, गलियों में अधिक पानी भरने से दुकानों और घरों में पानी भर गया। शिवचौक की गोल मार्केट में दुकानों में पानी भरने से दुकानदारोंं का काफी नुकसान हुआ। दुकानदार संजीव संगम ने बताया कि इतना पानी यहां पहली बार देखने को मिला।
दाल मंडी में दुकानों में पानी भर जाने से दुकानदारों को लाखों का नुकसान हो गया। केशवपुरी के संदीप सिंघल ने बताया कि मोहल्ले में बहुत से घरों में पानी भरने से काफी नुकसान हुआ है। रामपुरी, जनकपुरी, किदवईनगर में घरों में पानी भरने से अधिक नुकसान हुआ है।
रात्रि में हुई वर्षा 78.2 मिली मीटर रिकार्ड की गई। अधिकतम मौसम लुढ़ककर 29.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम: 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा।