मुजफ्फरनगर। जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जिन लोगों को 29 मई तक राशन नहीं मिल पाया, वे 31 मई तक किसी भी राशन की दुकान से ले सकते हैं। डीएसओ ने बताया कि उपभोक्ताओं के लिए 14 से 29 मई की तिथि तय की गई थी। इसमें अन्त्योदय कार्डधारकों को 14 किग्रा गेहूं व 21 किग्रा चावल समेत कुल 35 किग्रा खाद्यान्न प्रति कार्ड दिया गया। पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को उनके कार्ड से संबद्ध प्रत्येक यूनिट पर दो किग्रा गेहूं व तीन किग्रा चावल समेत कुल पांच किग्रा खाद्यान्न प्रति यूनिट नि:शुल्क वितरण किया गया। जो कार्ड धारक किसी कारण 29 मई तक राशन नहीं ले पाए उनके लिए 31 मई तक वितरण होगा। कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं को प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उचित दर विक्रेता से ई-वेईंग लिंक्ड ई-पॉस मशीन के माध्यम से नियमानुसार नि:शुल्क खाद्यान्न प्राप्त कर लें।