खतौली। मोहल्ला जैन नगर में भट्ठा कारोबारी के बंद मकान में चोरों ने एसी के बराबर में लगी खिड़की तोड कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। मकान मालिक अपने भाई के निधन पर परिवार समेत तीन दिन पूर्व गाजियाबाद गए थे। चोर लाखों की नकदी के अलावा सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात के बाद मौके पर पहुंचे डॉग स्क्वायड तथा फोरेंसिक विभाग की टीम के साथ पुलिस ने जांच पड़ताल की।
मोहल्ला जैन नगर निवासी भट्ठा कारोबारी संजय सिंघल के भाई मुकुल सिंघल का गाजियाबाद में निधन हो गया था। वह परिवार समेत 14 अगस्त को मकान पर ताला लगाकर गाजियाबाद गए थे। शनिवार को सुबह वह अपने भाई की अस्थियों को लेकर हरिद्वार गए हुए थे।
पड़ोसियों ने शनिवार सुबह मकान का मुख्य दरवाजा खुला देख तो संजय सिंघल को जानकारी दी। जिस पर उनके छोटे भाई व्यापारी नेता अंकुर सिंघल परिवार के अन्य लोगों को लेकर सुबह मकान पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने लाखों का नुकसान होना बताया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
देखने पर पाया कि चोर बाहर लगे एसी के बराबर वाली खिड़की तोड़ कर मकान में घुसे थे। मकान की ऊपरी मंजिल के दोनों कमरों के सामान को खुर्द बुर्द कर दिया। वहां रखी अलमारी का ताला तोड़ कर लाखों रुपये की नकदी समेत आभूषण चोरी कर लिए गए। फोरेंसिक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, मगर कोई सफलता नहीं मिली।
सीओ राम आशीष यादव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के खुलासे के लिए दो टीम बनाई गई है, जिसमें क्राइम टीम को भी लगाया गया है। घटना की तहरीर नहीं मिली है। मकान मालिक संजय सिंघल ने हरिद्वार से आने के बाद तहरीर देने की बात कही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।