मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में शेरपुर चुंगी के पास आरा मशीन पर दो मजदूरों में मारपीट हो गई। इस दौरान गिर कर घायल हुए एक मजदूर को अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मोहल्ला लद्धावाला निवासी शमशाद की रुड़की रोड पर रुड़की चुुंगी के सामने आरा मशीन है। वहां पर पिछले बारह साल से उसका साला देवबंद के मोहल्ला तेलियो वाली मोरी पठानपुरा निवासी मुस्तकीम (45) नौकरी करता था। रविवार रात में आरा मशीन पर शमशाद का बेटा अनस, मजदूर मुस्तकीम व मिमलाना रोड निवासी अकरम मौजूद थे। इसी दौरान लकड़ी उठाने को लेकर दोनों मजदूरों में कहासुनी हो गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। यह देखकर अनस ने अपने मामा मुस्तकीम को बचाना चाहा तभी मुस्तकीम पीछे की और गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई। तुरंत ही उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उसे शहर के ही एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। परिजन उसे मेरठ मेडिकल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन शव को वापस जिला अस्पताल ले आए। वहां पहुंचे परिजनों ने हंगामा करना चाहा लेकिन पुलिस ने मामला संभाल लिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।