संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। नगर में स्थित खुरपा बनाने वाली फैक्टरी में मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने करंट से मौत होना बताया है। उधर, फैक्टरी मालिक ने हार्टअटैक से मौत होने की बात कही है।
गांव तिगाई में कृषि यंत्र खुरपा बनाने की फैक्टरी में इस्लामाबाद भूड़ निवासी यूनुस (60) काम करता था। मंगलवार को वह काम पर गया। दोपहर में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों का आरोप था कि यूनुस की मौत काम करते समय मशीन में आए करंट लगने से हुई हैं। फैक्टरी स्वामी ने उन्हें दो घंटे बाद सूचना दी हैं। परिजनों ने कार्रवाई की मांग की। इंकार करने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों को सौंप दिया।
उधर, फैक्टरी स्वामी मुकेश जैन का कहना था कि परिजन जहां फैक्टरी में करंट लगने की बात कर रहे हैं, वहां बिजली नही हैं। छोटे जनरेटर से काम होता है। युनुस को अचेत देखकर उसे निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत बताया। मजदूर युनुस की मौत हार्ट अटैक से हुई है।