संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। किसान मजदूर संगठन ने चकबंदी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। नगर मजिस्ट्रेट और विभागीय अधिकारियों को धरने में बैठाया। करीब पांच घंटे बाद एडीएम प्रशासन के आश्वासन पर धरना समाप्त किया।
कचहरी परिसर स्थित चकबंदी विभाग के कार्यालय पर विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को किसान मजदूर संगठन ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष दीपक सोम ने कहा कि गांव नसीरपुर के सेक्टर 17, 31, 32, 7, 8, 33 और 6 की पैमाइश आज तक नहीं हुई। नसीरपुर में छह गांव की सीमा लगती है, लेकिन गांव गुज्जरहेड़ी जसोई की कोई सीमा आज तक निर्धारण नहीं की गई। 12 साल से नसीरपुर में चकबंदी चल रही है, लेकिन अंबेडकर पार्क हरिजन बस्ती व खेल का मैदान आवंटित नहीं हैं। नदी के रकबे में लगभग 100 बीघा जमीन में किसानों के चक लगा रखे है।
गांव पीपलशाह के ओमवीर को छह महीने से जमीन नहीं दी गई। पीपलशाह में खेल का मैदान व सामान्य आबादी चिह्नित नहीं की गई। गांव लखान व तितावी में बाईपास दिया जाए। गांव लखान में नक्शा- 5 में जमीन का रकबा 2013 में कम दर्शाया गया है, जो अभी तक पूर्ण नहीं किया गया। गांव में चकबंदी विभाग का कोई अधिकारी कार्य करने नहीं आता है, ऐसे में कार्य कभी पूरा नहीं हुआ है।
इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप को काफी देर तक धरने में बैठाए रखा। दीप सोम ने कहा कि इन मुद्दों पर पहले भी कई बार समाधान का वादा कर चुके है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। करीब पांच घंटे चले धरने के बाद एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने एक माह में समाधान किए जाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, कृष्ण पाल, रविंदर सिंह, बिल्लू राणा, बबली शर्मा, जिले सिंह, राकेश राजपूत, अमित कुमार, कृष्णा, धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहे।