पुलिस मान रही मामला संदिग्ध, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। गांव औरंगशाहपुर बनवारी उर्फ नया गांव निवासी युवक आजम का शव एक व्यक्ति के खेत से बरामद हुआ है। मृतक युवक के पिता अकबर अली ने गांव के पांच लोगों पर हत्या की आशंका जताते हुए नामजद रिपोर्ट कायम कराई है।
अकबर अली की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि 29 अगस्त की शाम करीब सात बजे उनके 22 वर्षीय पुत्र आजम को गांव का ही संजय घर से बुलाकर ले गया था। काफी समय बाद आजम घर नहीं आया तो तलाश शुरू हुई। गांव के ही एक व्यक्ति के गन्ने के खेत के किनारे चकरोड पर आजम का शव उल्टा पड़ा मिला। खेत में पानी भरा हुआ था। उन्होंने गांव के संजय, राजीव, राजेंद्र सिंह सुनारी और चंचल के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
कोतवाल अनुज कुमार तोमर का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। युवक के शरीर पर चोट आदि का कोई निशान नहीं पाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।