आज राजकीय इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स को लेकर निकाली जा रही मशाल रैली बुधवार की शाम जनपद में पहुंच गई। बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से मशाल रैली निकलेगी। सुबह 11 बजे से राजकीय इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के सफल आयोजन के लिए पांच मई से 25 मई तक मशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। मशाल रैली मुजफ्फरनगर में बुधवार की शाम को पहुंच गई। जिला क्रीड़ा अधिकारी हरफूल सिंह के नेतृत्व में खिलाडि़यों ने मशाल रैली का स्वागत किया। रात्रि विश्राम के बाद बृहस्पतिवार को प्रात: आठ बजे मशाल रैली निकाली जाएगी। 11 बजे से शाम छह बजे तक शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी हरफूल सिंह ने बताया कि मशाल रैली को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं एवं खेल प्रेमी प्रात: 7.30 बजे जीआईसी खेल मैदान में पहुंचेंगे। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि दिन में 11 बजे से राजकीय इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।