मुजफ्फरनगर। छपार क्षेत्र के तेजलहेड़ा गांव में युवकों के दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में जातीय तनाव बना हुआ है। घायल पक्ष के लोगों ने जनपद जाट महासभा के पदाधिकारियों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचकर सुरक्षा की मांग की। आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के समर्थन में खाप बिरादरी, नेता और अन्य लोग फैसले का दबाव बना रहे हैं।
तेजलहेड़ा में 14 अगस्त को जाट और गुर्जर समाज के युवकों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया था। जाट पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। गांव में एक प्लाटून पीएसी तैनात है। मंगलवार को जनपद जाट महासभा के जिलाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह, सरदार सतपाल मान के साथ तेजलहेड़ा के पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आरोपियों के पक्ष में खाप बिरादरी पंचायतें कर रही हैं। गुर्जर समाज के नेता भी फैसला करने का दबाव दे रहे हैं। आरोप है कि गांव छोड़ने की धमकी भी दी जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। एसएसपी ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।