दारुल उलूम के प्लाट में कूड़े में लगाई गई आग
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। छात्रों को बेहतर इंसान बनाने की तालीम देने वाली संस्था दारुल उलूम की वजह से मोहल्ला खानकाहवासी परेशान हो गए हैं। खानकाह में आबादी के बीचोबीच एक बड़े प्लाट को संस्था ने कूड़ाघर बनाया हुआ है। जिसमें कूड़ा डालने के साथ ही पशुओं के अवशेष भी डाले जा रहे हैं। जिसकी वजह से पूरे इलाके में फैलने वाली दुर्गंध से लोग बेहाल हैं। मोहल्ला खानकाह निवासी वसी, अकरम, मो. फैसल, जीशान, रहमान आदि का कहना है कि दारुल उलूम के मोहल्ला खानकाह में कई खाली प्लाट पड़े हैं जो आबादी के बीच में हैं, जबकि एक प्लाट में कूड़ा और पशुओं के अवशेष डाले जा रहे हैं। इसकी वजह से आसपास रहने वाले लोग और दुकानदार बेहद परेशान हैं। इतना ही नहीं लोगों का आरोप यह भी है कि गर्मी के मौसम में गंदगी से दुर्गंध उठती है, ऊपर से सफाईकर्मियों द्वारा कूड़े में आग लगा देने से धुआं घरों और दुकानों में जाता है। इसको लेकर कई बार लोग शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन दारुल उलूम प्रबंधन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। मंगलवार को भी मोहल्लावासियों की कूड़ा डालने को लेकर सफाईकर्मियों के साथ तू-तू, मैं-मैं हो गई। उन्होंने प्रशासन से मामले में कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।