- कांवड़ मार्गों पर जलभराव बना कांवड़ियों के लिए मुसीबत
अमर उजाला ब्यूरो मुजफ्फरनगर। श्रद्धा पथ पर बढ़े जा रहे कांवडि़यों का बारिश ने भी इम्तिहान लिया। कांवड़ मार्ग पर जलभराव के कारण मुश्किलें उठानी पड़ी। शामली और बुढ़ाना मार्ग पर कांवडि़ए पानी के बीच से होकर गुजरे।
बारिश के कारण शिव चौक पर जलभराव की स्थिति रही।भगवान शिव की मूर्ति की परिक्रमा कर कांवडि़ए गंतव्य की ओर बढ़े। शामली रोड पर बुढ़ाना मोड़ से पहले करीब आधा किमी तक जलभराव हो जाने के कारण कांवडि़यों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वाहनों के आवागमन के कारण और अधिक परेशानी बढ़ गई। करीब तीन फीट तक जलभराव से यहां कांवडि़ए गुजरे।
बुढ़ाना मार्ग पर बाईपास के निकट जलभराव हो गया। पुलिस ने बुढ़ाना की ओर से आने वाले वाहनों को बाईपास से निकाला। कांवड़ियों को पानी से गुजकर बुढ़ाना मार्ग पर पहुंचना पड़ा। बारिश के चलते बझेड़ी रोड पर भी दिक्कत हुई। शिव की भक्ति में लीन कांवडि़ए गंतव्य की ओर बढ़ते चले गए।
कांवड़ में बेटों को बैठाकर पहुंचा परतापुर का सतेंद्र
पुरकाजी। भोले बाबा से मांगी मन्नत पूरी होने पर अपने दो बेटों को कांवड़ में बैठाकर युवक यात्रा कर रहा है। मोदीनगर क्षेत्र के परतापुर निवासी कांवडि़ए सतेंद्र कुमार ने बताया कि उसने भोले बाबा से मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी हुई तो वह शिव की यात्रा पर निकल पड़ा। अपने 13 वर्षीय पुत्र आदर्श व 10 वर्षीय पुत्र अमन को कांवड़ में बैठाकर लाया है। पुरा महादेव में गंगा जल का जलाभिषेक करेगा।
बेटों के साथ यात्रा पर आई सावित्री
दो मासूम बेटों मोनू और सोनू के साथ दिल्ली निवासी कांवडिय़ा सावित्री पुरकाजी से गुजरी। सावित्री ने बताया कि घर में बैठे हुए थे। मन में कांवड़ लाने की इच्छा उठी और बेटों को लेकर वह निकल पड़ी। शिवरात्रि पर दिल्ली शिव मंदिर में गंगा जल का जलाभिषेक करेंगी।
कांवडिय़ों के सेवा के लिए सड़क पर उतरे लोग
शाहपुर। नगर पंचायत की ओर से लगाए गए शिविर का शुभारंभ चेयरमैन अकरम कुरैशी, ईओ सुधीर मिश्रा व भाजपा नेता श्याम पाल सिंघल ने किया। इस दौरान सभासद सोनू सैनी, अब्दुल कलाम अंसारी, विशाल गर्ग, वकीला बेगम, मनोज सैनी व सतीश पाल मौजूद रहे। पलड़ी के ग्रामीणों ने कस्बे के बुढ़ाना रोड पर लगाए गए शिविर का शुभारंभ भाकियू अराजनैतिक के प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, नीटू बालियान व पूर्व चेयरमैन प्रमेश सैनी ने संयुक्त रूप से किया। प्रधान मोनू सैनी , ढिंढावली के प्रधान शिवम सैनी, सुंदर सैनी, नवीन सैनी, महेंद्र कश्यप व अरविंद प्रजापति आदि मौजूद रहे। गांव रसूलपुर जाटान के ग्रामीणों द्वारा लगाए गए कावड़ सेवा शिविर का शुभारंभ भाकियू अराजनैतिक के प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, पूर्व प्रधान नरेश बालियान व सत्येंद्र बालियान ने किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष आदित्य बालियान, संदीप बालियान, नरेश पाल, जुगत राम, अरविंद बालियान व मनीष चौधरी आदि मौजूद रहे ।
पुराने हाईवे पर शुरू हुआ कांवड़ शिविर
पुरकाजी। कस्बे में पुराने हाइवे पर रविवार को लगाए गए कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ पूर्व भाजपा विधायक प्रमोद उटवाल ने किया। इस दौरान भारत भूषण खुल्लर, निर्दोष जैन, डॉ रणजीत गौरसी, केपी सिंह, डॉ ओपी गौतम, डॉ कुलदीप कुमार, हिना चौधरी, नदीम गोड, सुनील माहेश्वरी मौजूद रहे।