विकास भवन सभाागर में कांवड यात्रा के संबध में बैठक लेते मंत्री व पालिका चेयरपर्सन ।
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान और राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा को लेकर जिले के पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान संजीव बालियान ने कहा कि जिले में आने वाले कांवडियों की श्रद्धा के साथ सेवा करें। किसी भी कांवड़िया को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
विकास भवन के सभागार में हुई बैठक में डॉ संजीव बालियान ने कहा कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर हरियाणा और दिल्ली जाने वाले कांवड़ियां जनपद से ही निकलते हैं। मुजफ्फरनगर कांवड़ मार्ग का सबसे बड़ा केंद्र है। जिले में कांवड़ियां की श्रद्धा के साथ सेवा होनी चाहिए। कांवड़ मार्ग पर सफाई, चिकित्सा, बिजली, पानी, भोजन, शौचालयों की व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे अपने गांव और घर जाकर कांवड़ियां यहां की व्यवस्था की तारीफ करें। राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रा की स्वयं मानिटरिंग करते हैं। पुलिस और प्रशासन के स्तर पर व्यवस्था में किसी तरह की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कांवड़ मार्ग पर कहीं भी अंधेरा न हो प्रशासन इसकी व्यवस्था पहले ही कर लें। जहां बिजली नहीं वहां जेनरेटर से बिजली दें। शौचालयों की अलग से व्यवस्था करें। शौचालयों की संख्या बढ़ाई जाए। इस बार कांवड़ यात्रा में प्लास्टिक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एसएसपी संजीव सुमन सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।