जिला में पशुपालन विभाग संबधी योजना सत्यापन करते नोढल अधिकारी।
नोडल अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने पशुपालन विभाग की योजनाओं का भौतिक सत्यापन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर मंडल के नोडल अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कान्हा गोशाला मीरापुर, काजी हाउस जानसठ तथा अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल नावला कोठी का निरीक्षण किया। इसके अलावा पशु पालकों को जारी किसान क्रेडिट कार्ड पशुपालन घटक के लाभार्थियों का सत्यापन भी किया।
नोडल अधिकारी डॉ. वीके सिंह के निरीक्षण में नावला कोठी पर 190 गोवंश संरक्षित मिले। गोवंश की संख्या के आधार पर अतिरिक्त शेड की आवश्यकता है। उन्होंने सभी गोशालाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित करने के लिए निर्देशित किया। संतुलित आहार देने के निर्देश भी दिए। हरा चारा एवं भूसे के स्टॉक का भी निरीक्षण किया गया। पशु चिकित्सालय जानसठ तथा खतौली का भी निरीक्षण किया।
नोडल अधिकारी ने क्षेत्र में जाकर पशुपालकों को जारी किसान क्रेडिट कार्ड पशु पालन घटक के लाभार्थियों का सत्यापन किया। सूचना सही पाई गई। ग्राम नरसिंहपुर में स्वाइन फ्लू और गलघोंटू टीकाकरण का भी सत्यापन किया। उधर, जानसठ में नोडल अधिकारी डॉक्टर वीके सिंह ने पशु चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य रूप से उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जानसठ, मीरापुर, भोपा, ककरौली, कासमपुर खोला की टीम मौजूद रही।