28 से 31 मई तक होगा आयोजन, मुख्य स्नान 30 मई को
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मोरना। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में प्रसिद्ध ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले का रविवार की शाम महा आरती के साथ शुभारंभ होगा। मेले में आए दुकानदार अपनी दुकानों को बना रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है।
अपर मुख्य अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिला पंचायत की ओर से 28 से 31 मई तक ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्य स्नान 30 मई को होगा। मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु बस, कार, बाइक व ट्रैक्टर-ट्राली से आते है। रविवार से मेला शुरू हो रहा हैं। गंगा घाट पर जल कुंभी बह रही है। श्रद्धालुओं के बार-बार एतराज करने के बाद भी अभी तक जलकुंभी हटाए जाने के पुख्ता प्रयास नहीं किए गए।
भोपा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि मेला में सुरक्षा बंदोबस्त के लिए दो एसएचओ, 11 इंस्पेक्टर, 19 सब इंस्पेक्टर, चार महिला सब इंस्पेक्टर, 63 कांस्टेबल, 30 महिला कांस्टेबल, 10 ट्रैफिक कर्मी, 30 होमगार्ड, एक कंपनी पीएससी एवं फील्ड प्लाटून लगाई गई है। सीओ रामाशीष यादव ने बताया कि गुंडा तत्वों पर कड़ी निगरानी के लिए सादे वस्त्रों में पुलिस टीमें तैनात रहेंगी। शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।