भोपा में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में विजय श्री हासिल करने वाली भोपा की फुटबॉल टीम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
फुटबॉल में जनता इंटर कॉलेज भोपा विजेता
भोपा। जनता इंटर कॉलेज भोपा में जनपद स्तरीय फुटबॉल सुब्रतो कप अंडर-17 बालक वर्ग का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। तहसील जानसठ की टीमों में जनता इंटर कॉलेज भोपा की टीम ने जनता जनार्दन इंटर कॉलेज बसेड़ा की टीम को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
सोमवार को जनपद स्तरीय फुटबॉल सुब्रतो कप अंडर-17 बालक वर्ग के मैच का जनता इंटर कॉलेज भोपा के मैदान पर आयोजन किया गया। मैच का शुभारंभ फुटबॉल कोच कुलदीप कुमार उर्फ बंशी सिंह ने फीता काट कर किया। जनपद स्तरीय फुटबॉल सुब्रतो कप प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला जानसठ तहसील की जनता इंटर कॉलेज भोपा व सदर तहसील मुजफ्फरनगर की जनता जनार्दन इंटर कॉलेज बसेड़ा की टीमों के बीच हुआ। इस मुकाबले में जनता इंटर कॉलेज भोपा की टीम ने विपक्षी टीम को 7-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। मैच में सर्वाधिक तीन गोल करने वाले खिलाड़ी आकाश कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
कार्तिक कुमार ने दो गोल, गणेश व गुलजार ने 1-1 गोल किया। मैच रेफरी की भूमिका अंकुर कुमार व मोहम्मद आदिल ने निभाई। शारीरिक व्यायाम शिक्षक रमेश सिंह असवाल ने बताया कि 3, 4 अगस्त को मंडल स्तरीय फुटबॉल सुब्रतो कप अंडर-17 बालक वर्ग का आयोजन भी जनता इंटर कॉलेज भोपा में ही किया जाएगा। जिसमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व शामली जनपद की विजेता टीमें प्रतिभाग करेंगी। इस अवसर पर शारीरिक व्यायाम शिक्षक विपिन त्यागी, सुनील कुमार, विनोद कुमार, अमित कुमार, चांदवीर, रणधीर सिंह आदि मौजूद रहे।