संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पाद नियंत्रण अधिनियम (कोटपा) के अंतर्गत कस्बे में स्कूल, कॉलेज के आसपास एवं सार्वजनिक स्थानों पर चिकित्सा विभाग ने पुलिस टीम को साथ लेकर सात प्रतिष्ठानों के चालान काटे। प्रतिष्ठान मालिकों से जुर्माना वसूला गया।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग टीम ने पुलिस बल को साथ लेकर कस्बे में स्कूल, कॉलेज के आसपास एवं सार्वजनिक स्थानों के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस दौरान कोटपा एक्ट के उल्लंघन पर सात प्रतिष्ठानों के चालान काटे गए और जुर्माना वसूला गया। राशन की दुकानों में सिगरेट व गुटखा आदि की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की हिदायत दी गई।
चिकित्सा विभाग के डॉक्टर मोहम्मद नदीम ने सभी प्रतिष्ठानों को गैर धूम्रपान क्षेत्र का बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। बताया कि चालान में वसूली गई धनराशि को राहत कोष में जमा कराया जाएगा। टीम में सीएचसी जानसठ की टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मोहन सिंधु, अमरजीत, कांस्टेबल जितेंद्र नागर आदि मौजूद रहे।