मुजफ्फरनगर। खाद्य पदार्थों पर महंगाई के चलते आमजन को जेब ढीली करनी पड़ रही है। ढाबों और रेस्टोरेंट में थाली पर 10 से 15 रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। विभिन्न कंपनियों ने छाछ, दही और मक्खन के दाम भी बढ़ाए हैं।
18 जुलाई से जीएसटी के दायरे में खाद्य पदार्थ भी शामिल किए गए थे। आटा, गुड़, शहद, दही, दाल, चावल, अनाज समेत अन्य खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगाई गई तो इसका असर अब आम आदमी की थाली तक दिखना शुरू हो गया है। शहर के अधिकतर ढाबों और रेस्टोरेंट पर थाली की कीमत 10 से 15 रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। पहले सामान्य सादी थाली सिर्फ 60 रुपये में मिल रही थी, जो अब 70 रुपये में दी जा रही है। सामान्य स्पेशल थाली की कीमत 120 से बढ़ाकर 130 कर दी गई है। दाम बढ़ने का असर सीधे आम आदमी पर हुआ है।
इनके भी बढ़ गए हैं दाम
छोले भटूरे की प्लेट पहले 60 रुपये की मिलती थी, जिसका दाम पहली अगस्त से 70 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा हॉफ प्लेट के दाम भी दस रुपये बढ़ाए गए हैं।
आईसक्रीम सेक के दाम भी बढ़े
शहर में कई जगह शाम के समय स्पेशल आईसक्रीम सेक की बिक्री होती है। पहले जो सेक 60 रुपये में मिलता था, अब वह 70 रुपये में मिल रहा है।
इस तरह बढ़ गए दही के दाम
मात्रा पहल अब
एक किलो 65 69
400 ग्राम 30 32
200 ग्राम 15 17
क्या कहते हैं ग्राहक
- भोपा रोड पर खाना खाने पहुंचे अनिल भारद्वाज का कहना है कि पिछले दो दिन से रेट बढ़ गए हैं। थाली के 10 से 15 रुपये बढ़ गए हैं।
- नागरिक सचिन तेवतिया का कहना है कि जीएसटी के बाद से दुकानदारों ने रेट बढ़ा दिए हैं। इसका असर आम आदमी पर पड़ रहा है।