रतनपुरी में गेहूं क्रय केंद्र का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर, रतनपुरी। रतनपुरी क्षेत्र में डीसीडीएफ के गेहूं क्रय केंद्र का शुभारंभ हो गया। अभी तक कुल 341 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई।
सरकारी गेहूं क्रय केंद्र रतनपुरी पर तैनात गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि इस केंद्र पर 16 अप्रैल से गेहूं की खरीद प्रारंभ की गई थी। हालांकि गेहूं की आवक अभी बहुत कम है। अभी तक 18 किसानों से कुल 341 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा सकी है। उन्होंने बताया कि क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए सबसे पहले किसानों को जनसेवा केंद्र पर जाकर खतौनी की सहायता से अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद खरीदे गए गेहूं की कीमत किसान के बैंक खाते में ऑनलाइन भेजी जाएगी। केंद्र प्रभारी पवन कुमार का कहना है कि इस क्षेत्र में अभी गेहूं की फसल की कटाई चल रही है। कटाई पूर्ण होने के उपरांत ही किसान गेहूं लेकर खरीद केंद्र पर पहुंचेंगे। इससे पहले ग्रामीण त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में व्यस्त थे। अब गेहूं की आवक बढ़ने की उम्मीद है।