- मामा की साली से प्रेम-प्रसंग का विरोध कर रहे थे दोनों परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव में मामा की ससुराल आए युवक और मामी की बहन ने जहर खाकर जान दे दी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है, जिसका परिजन विरोध कर रहे थे।
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक क्षेत्र के गांव में होली पर अपने मामा की ससुराल आया हुआ था। त्योहार के बाद भी वह अपने घर नहीं लौटा। शुक्रवार को पहले युवक ने घर में रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उसके लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। कुछ देर बाद ही उसके मामा की साली ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। दिनभर दोनों का उपचार चलता रहा। देर शाम दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग बताया गया है और दोनों शादी की जिद पर अड़े थे, जबकि परिजन दोनों को समझा रहे थे।
नायब तहसीलदार बुढ़ाना बृजेश सिंह, कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मामले की जानकारी ली। दोनों के परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इंकार कर दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि युवक-युवती की मौत हुई है। परिजनों ने कार्रवाई से इंकार किया है।