ढोंगी बाबा ने महिला से नकदी और जेवरात ठगे
जानसठ । ढोंगी बाबा ने धोखाधड़ी से बिजनौर निवासी महिला से हजारों रुपयों की नकदी व जेवरात ठग लिए। ठगी के बाद बाबा फरार हो गया।
जिला बिजनौर की रहने वाली 55 वर्षीय बिमलेश पत्नी रमेशचंद्र ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व एक ढोंगी बाबा उसके घर पर आया था। बाबा ने महिला को बताया कि उनके घर में कोई बड़ी बीमारी आने वाली है। बीमारी से परिवार का सदस्य भी मर सकता है। यह सुनकर महिला घबरा गई। महिला ने बाबा से इसका उपाय पूछा। आरोपी ने बताया कि इसका उपाय कराने के लिए 20 अगस्त को जानसठ आना पड़ेगा। जानसठ में तालड़ा बाईपास पर जंगल में काली देवी का स्थान है। उस स्थान पर ही पूजा पाठ करनी पड़ेगी। इसके लिए 10 हजार रुपए और सोने की अंगूठी, चांदी की पाजेब, सोने की चेन देवी को चढ़ानी पड़ेगी। इसके बाद रुपयों और जेवर को अपनी विवाहिता पुत्री को दान कर देना। महिला ढोंगी बाबा के बहकावे में आ गई। वृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे महिला बाबा के बताई गई जगह तालड़ा बाईपास पर जानसठ में आ गई। पीड़िता ने बताया कि बाबा उसको लेकर जंगल में एक देवता के स्थान पर ले गया। बाबा ने वहां पर पूजा करनी शुरू की। बाबा ने नकदी व जेवर भी पूजा में रखवा लिए। बाबा ने महिला को आंखें बंद करने को कहा। इस पर महिला ने आंखें बंद कर ली। इसी बीच बाबा नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया। काफी देर बाद महिला ने आंखें खोली तो, बाबा वहां से गायब था। नकदी और जेवर भी गायब थे। महिला सड़क पर आकर रोने बिलखने लगी। राहगीरों ने महिला से पूछताछ की। महिला ने रोते बिलखते हुए अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़ित महिला अपने घर वापस बिजनौर चली गई।