सोमवार को नामित जांच अधिकारी आईजी मेरठ नचिकेता झा मंसूरपुर थाने पहुंचे और उन्होंने अब तक इस केस में की गई पुलिस कार्रवाई के विषय में जानकारी ली। इसके अलावा दोनों पक्षों को अलग-अलग बुलाकर उनका पक्ष जाना। इस दौरान थाने में एसएसपी संजीव सुमन, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सीओ खतौली डॉ. रवि शंकर मौजूद रहे।
यह था पूरा मामला
खुब्बापुर गांव के स्कूल में शिक्षिका तृप्ता त्यागी ने पांच का पहाड़ा नहीं सुनाने पर अल्पसंख्यक समुदाय के एलकेजी के छात्र की सहपाठियों से पिटाई करा दी थी। इसी दौरान जातीय टिप्पणी का भी आरोप लगाया गया। प्रकरण के दौरान पीड़ित छात्र के चचेरे भाई ने वीडियो बना लिया। वीडियो के वायरल होते ही देशभर से प्रतिक्रियाएं आने लगीं और शिक्षिका की गिरफ्तार की मांग उठने लगी।
थप्पड़ कांड, मुजफ्फरनगर
- फोटो : Amar Ujala
आरोपी शिक्षिका पर अब एफआईआर दर्ज हो गई है। खुब्बापुर गांव के पीड़ित छात्र का अभी तक किसी स्कूल में प्रवेश नहीं कराया गया है। जमीयत उलमा ने छात्र के घर पर ही शिक्षक भेजकर पढ़ाई शुरू करा दी है।
प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षक रोजाना घर पर पहुंचकर छात्र को पढ़ाने का कार्य करेगा। उधर, सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद आरोपी शिक्षिका तृप्ता त्यागी के खिलाफ एनसीआर को एफआईआर में बदल दिया गया था। किशोर न्याय अधिनियम की धारा बढ़ाकर जांच की जा रही है।
आईजी मेरठ ने थाना मंसूरपुर पहुंंच कर खुब्बापुर प्रकरण में कार्रवाई की समीक्षा की और दोनों पक्षों से उनका पक्ष भी जाना - संजीव सुमन, एसएसपी।