मुजफ्फरनगर। शहर में गंदगी की समस्या के तुरंत निदान को लेकर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। सफाई न होने पर उसकी शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। नगर पालिका स्वास्थ्य विभाग दो घंटे के भीतर समस्या का निदान कराएगा। इसके लिए पालिका में एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिस पर सुबह आठ से शाम आठ तक शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
शुक्रवार को पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने उदघाटन कर कंट्रोल रूम का संचालन शुरू कराया। शहर मेंं नगर पालिका स्वास्थ्य विभाग के 700 से अधिक सफाई कर्मचारी कार्यरत होने के बावजूद गंदगी को लेकर कोई न कोई शिकायत बनी रहती है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के बावजूद शहर के किसी भी हिस्से में गंदगी का अंबार नजर आ जाता है। गंदगी को लेकर आ रही शिकायत के मद्देनजर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के निर्देश पर सकारात्मक पहल की गई। सफाई समस्या और गंदगी के निस्तारण के लिए पालिका कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
कंट्रोल रूम डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन मेंं जुटी कंपनी एमआईटूसी के माध्यम से चलाया जाएगा, जो कि प्रतिदिन सुबह आठ से शाम 8 बजे तक खुला रहेगा। शहरवासी इस दौरान फोन नम्बर 9119792947, 1533 पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। कन्ट्रोल रूम में आने वाली शिकायत को दर्ज करने की सूचना एसएमएस के माध्यम से शिकायतकर्ता को तुरन्त भेजी जाएगी। इसमें उनकी शिकायत का नम्बर दर्ज होगा। निवारण होने पर शिकायतकर्ता से पुष्टि की जाएगी। साथ ही शिकायतकर्ता को इस आश्य का एसएमएस भी भेजा जाएगा। शिकायतों का एक रजिस्टर भी बनेगा। प्रतिदिन आने वाली शिकायत और उनके निस्तारण की जानकारी ईओ, चेयरपर्सन को व्हाट्सएप से दी जाएगी।