700 मीटर की सड़क पर सैकड़ों गड्ढे
देवबंद/तलहेडी बुजुर्ग (सहारनपुर)। तलहेडी बुजुर्ग में बस स्टैंड से गांव तक जाने वाली मुख्य सड़क का करीब 700 मीटर का टुकड़ा गड्ढों में तब्दील है। सड़क पर जगह-जगह गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से सड़क की बदहाली बढ़ने के साथ ही इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
तलहेडी गांव की इस सड़क से करीब 8-10 गांव के लोग गुजरते हैं। बस स्टैंड पर स्थित स्कूलों में जाने वाले छात्र-छात्राओं को कीचड़ व गंदे पानी के बीच से होकर जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कीचड़ व जलभराव होने से कीड़े व मच्छर पैदा हो रहे हैं। इससे बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
गांव का रास्ता खराब होने से ग्रामीण परेशान
ग्रामीण कालूराम चौधरी ने बताया कि गांव से लेकर मैन रोड तक का रास्ता बहुत ही खराब हालत में है। इससे गांव में आने जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जनप्रतिनिधि भी नहीं करा सके समस्या का समाधान
ग्रामीण कालूराम शर्मा ने बताया कि लगभग तीन साल पहले उन्होंने अपना मकान बनाया था। लेकिन तभी से सड़क क्षतिग्रस्त पड़ी है। जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है।
मेहमान भी मारने लगे ताने
ग्रामीण अरुण शर्मा ने बताया कि सड़क खराब होने के चलते लोगों को दूसरे लंबे रास्ते से होकर बस स्टैंड पर जाना पड़ रहा है। अब तक गांव में आने वाले मेहमान भी ताने मारने लगे हैं।
खेतों पर जाने में भी होती है परेशान
सचिन त्यागी ने बताया कि रोज सुबह अपने खेतों का कार्य करने के लिए जाना पड़ता है लेकिन रास्ते में भरे गंदे पानी की वजह से बहुत परेशानी होती है।
नेता सिर्फ चुनाव में आकर दिलाते हैं आश्वासन
मनोज कुमार ने बताया कि जब भी चुनाव आते हैं तो सभी पार्टी नेता सड़क बनवाने का आश्वासन दिलाते हैं लेकिन जीतने के बाद इधर आना भी गंवारा नहीं समझते हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
अरूण शर्मा- फोटो : DEVBAND
सचिन त्यागी- फोटो : DEVBAND
मनोज कुमार- फोटो : DEVBAND
तलहेड़ी बुजुर्ग में कीचड़ व गंदे पानी में तब्दील क्षतिग्रस्त सड़क- फोटो : DEVBAND
ग्रामीण कालूराम चौधरी- फोटो : DEVBAND