डीआईओएस ने बृहस्पतिवार को किया दो इंटर कॉलेजों का निरीक्षण
चौधरी छोटू राम इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य और स्टाफ नदारद मिला
सभी कक्ष और कार्यालय भी बंद मिले, काटा जाएगा वेतन
डीएवी इंटर कॉलेज में स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने नया सत्र नया सवेरा अभियान के तहत चौधरी छोटू राम इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया गया। चौधरी छोटू राम इंटर कॉलेज छात्रों के साथ-साथ प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ नदारद मिला। इस डीआईओएस ने एक दिन का वेतन काटने के साथ प्रधानाचार्य और शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
जिले में नया सत्र नया सवेरा अभियान शुरु किया गया है। इसे लेकर डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने टीम गठित कर राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों का निरीक्षण शुरु किया हैं। बृहस्पतिवार को डीआईओएस ने डीएवी इंटर कॉलेज और चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। बताया कि सुबह 7:50 बजे चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज में केवल दो विद्यार्थी, चार चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी और सहायक अध्यापक ही उपस्थित मिले। प्रधानाचार्य सहित अन्य समस्त स्टाफ अनुपस्थित मिले। सभी कक्ष और कार्यालय भी बंद मिले। अनुपस्थित प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी का एक दिन का वेतन काटे जाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
डीआईओएस ने बताया कि डीएवी इंटर कॉलेज में स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद मिले है। विद्यार्थियों की 85 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई गई।
निरीक्षण में परखीं जाएंगी ये व्यवस्थाएं
डीआईओए ने बताया कि नया सत्र नया सवेरा अभियान के तहत निरीक्षण में प्रात:कालीन सभा में छात्र-छात्राओं और शिक्षकगण को संबोधित किया जाएगा। इसके बाद समस्त भौतिक संसाधनों, उपस्थिति छात्र और शिक्षक, वित्तीय अभिलेख, शिक्षक डायरी, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कक्षा का जायजा लिया जाएगा। इसके लिए सभी विद्यालयों में निरीक्षण प्रपत्र भेजा जा चुका है। यह कार्यक्रम ग्रीष्म अवकाश के बाद भी जारी रहेगा। विद्यालयों में प्रात:कालीन सभा में प्रार्थना, आज का विचार, मुख्य समाचार, प्रत्येक शिक्षक की ओर से एक दिन प्रेरणादायी संक्षिप्त संबोधन और राष्ट्रीय गान को समाहित किया जाएगा।
कक्षा कक्ष में मोबाइल भी प्रतिबंध
डीआईओएस ने शिक्षकों को निर्देशित किया है कि कोई भी शिक्षक कक्षा में मोबाइल ऑन या ऑफ किसी भी स्थिति में लेकर नहीं जाएगा। प्रधानाचार्य उनके मोबाइल को सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। यदि निरीक्षण में किसी विद्यार्थी या शिक्षक के पास मोबाइल मिला तो कार्रवाई की जाएगी। प्रधानाचार्य स्वयं भी सप्ताह में बारह कालांश लेंगे और शिक्षक डायरी बनाएंगे। कोई भी शिक्षक विद्यालय में टी शर्ट और जींस में नहीं आएंगे। साथ ही महिला शिक्षकों को भी शालीन पोशाक धारण करनी होगी।