मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र के गांव तुल्हेड़ी में बारिश में गिरा मकान, जिसके मलबे में दबकर मां-
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर/मीरापुर। तुल्हेड़ी गांव में शनिवार की रात बारिश के दौरान बिजली गिरने से कच्चा मकान ढह गया। मलबे में दबने से मां-बेटे की मौत हो गई। गांव में गम का माहौल है। उधर, शहर की नाज कॉलोनी में भी बारिश के दौरान कच्चा मकान गिर गया। परिवार के तीन सदस्य मलबे में दबकर घायल हो गए।
गांव तुल्हेड़ी निवासी मुन्ना (55) पुत्र महरुद्दीन शनिवार की रात अपनी मां अंगूरी (75) के साथ मकान के कच्चे हिस्से में सोए थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे मकान में सोए हुए थे। शनिवार रात करीब तीन बजे तेज बारिश के दौरान उनके मकान पर बिजली गिर गई। इससे मकान की छत गिर गई और मां-बेटे की मलबे में दबने से मौत हो गई। रविवार की सुबह महरुदीन की बेटी पशुओं को चारा डालने के लिए उठी तो हादसा देख शोर मचाया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया। सूचना पर एसडीएम खतौली जीत सिंह राय, सीओ जानसठ शकील अहमद, नायब तहसीलदार जसविंदर सिंह, इंस्पेक्टर मीरापुर दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, मुजफ्फरनगर शहर केे मिमलाना रोड पर नाज कॉलोनी में वकील के बाग के सामने मजदूर असलम (42) परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात वह अपनी पत्नी शाहीन, बेटे अमन (15) और अनस (13) के साथ कमरे में सो रहे थे। बारिश के कारण रात ढाई बजे उसके कमरे की छत भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में दबकर सभी परिजन घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और सभी को मलबे से बाहर निकाला। पीड़ित असलम का कहना था कि उसने सरकारी योजना से मकान बनवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन उसकी कोई मदद नहीं हो सकी। पड़ोसी सलीम ने पीड़ित को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।