संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। गर्मी की छुट्टी के बाद प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय खुले तो बच्चे स्कूल पहुंच गए। पहले दिन छात्र-छात्राओं की संख्या कम रही। बच्चों ने अपने अध्यापकों के सामने अपनी छुट्टियों के अनुभव साझा किए।
तीन जुलाई से जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण सत्र शुरु हो गया। एक माह से बंद स्कूलों में बच्चों के लौटने से रौनक बढ़ गई। हालांकि पहले दिन स्कूल में छात्र-छात्राओं की संख्या कम रही है। बच्चों ने अपने दोस्तों और अध्यापकों के सामने किस तरह से उन्होंने छुट्टियां बिताई है, यह साझा किया। इसके बाद अध्यापकों ने बच्चों को गर्मियों की छुट्टी के दिए गए होमवर्क के बारे में जानकारी ली।
शहर के झांसी रानी स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी बच्चों की संख्या पहले दिन कम ही रही। शिक्षिकाओं ने कहा कि पहले दिन बच्चों की संख्या कम ही रहती है। छुट्टियों के बाद आज ही स्कूल खुले हैं। मंगलवार से बच्चों की संख्या बढ़ जाएगी।