संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। भाकियू की बैठक शनिवार को खंड विकास कार्यालय पर हुई। किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। कुछ किसानों ने नलकूपों से उतारकर लाए गए मीटर बिजलीघर पर जाकर विद्युत निगम के कर्मचारियों को सौंप दिए।
मंडल अध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि सरकार ने अपने घोषणा पत्र में किसानों के बिजली के बिल माफ करने का वायदा किया था। मगर, सरकार अपने वायदे पर खरी नहीं उतरी है। किसी ना किसी बहाने किसानों का उत्पीड़न कर रही है। भाकियू किसानों की हर लड़ाई मजबूती के साथ लड़ेगी।
इस दौरान ग्राम अध्यक्षों की नियुक्ति कर उन्हें नियुक्ति प्रमाण पत्र दिए गए। ब्लॉक अध्यक्ष संजय त्यागी ने सभी ग्राम अध्यक्षों को अपने अपने गांव की समस्या को उठाकर उनका निदान कराने की अपील की। बैठक में सरदार बूटा सिंह, गोविंद शर्मा, अमित कुमार, खुशनसीब आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता सुरेंद्र सिंह और संचालन ब्लॉक उपाध्यक्ष शहजाद अहमद ने किया।