- कोर्ट के आदेश पर हुई मतगणना में 11 वोट से जीत गए शिकायतकर्ता मनोज त्यागी
- एसडीएम के न्यायालय में चार घंटे चली मतगणना, वीडियोग्राफी भी हुई, पुलिसबल रहा तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। न्यायालय के आदेश पर एसडीएम कोर्ट में छपार गांव के प्रधान पद के लिए दोबारा हुई मतगणना में मनोज त्यागी 11 वोट से जीत गए है। एक वोट से चुनाव जीतकर प्रधान बने जुबेर दूसरे स्थान पर रहे। न्यायालय ने जुबेर का निर्वाचन निरस्त कर दिया है। अब मनोज त्यागी छपार के प्रधान होंगे।
लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई के बाद बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी सदर के न्यायालय में एक बजे से मतगणना प्रारंभ हो पाई। पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में 17 राउंड गिनती हुई। एसडीएम सदर परमानंद झा ने नतीजे घोषित किए। मनोज त्यागी 11 मतों से विजयी घोषित हुए। इस चुनाव में मनोज त्यागी को 1833 और जुबेर को 1822 मत मिले।
मुख्य चुनाव के बाद से चल रहा था विरोध
प्रधान पद के चुनाव की मतगणना के बाद से मनोज त्यागी आरोप लगा रहे थे कि उन्हें योजनाबद्ध तरीके से एक वोट से हराया गया है। मतगणना में वह जीत रहे हैं। जुबेर अहमद को 56 वोट से विजयी घोषित किया गया था। जो वोट राउंड वार बताए गए थे, उसमें जुबेर को केवल एक वोट से जीत दिखाई गई। दोबारा हुई गिनती में मनोज त्यागी का दावा सच साबित हुआ। मनोज त्यागी दोबारा मतगणना में 11 वोट से जीत गए।
मतगणना में मौजूद नहीं रहे जुबेर
बृहस्पतिवार को जुबेर दोबारा हुई मतगणना के दौरान मौजूद नहीं रहे। छपार के प्रधान घोषित किए गए मनोज त्यागी के अधिवक्ता तेगबहादुर सैनी ने बताया कि मतगणना से दूध का दूध पानी का पानी हो गया है। मनोज त्यागी का आरोप सही साबित हुआ।
जुबेर का निर्वाचन हुआ निरस्त
उप जिलाधिकारी परमानंद झा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मतगणना पूरी होने के बाद ग्राम प्रधान जुबेर अहमद का निर्वाचन निरस्त कर दिया गया है। इसकी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी, सीडीओ, डीपीआरओ, सहायक निर्वाचन अधिकारी को भेज दी गई है।
किसे कितने वोट मिले
प्रत्याशी वोट
मनोज 1833
जुबेर 1822
राशिद 1381
नवाब 1086
गौरव 24
तौसीन 24
कुबेरदत्त 17
शहरयाब 4
निरस्त वोट 349
कुल वोट 6540
गलत मतगणना का जिम्मेदार कौन
ग्राम पंचायत चुनाव के दौरान गलत मतगणना के आधार पर जुबेर अहमद को विजयी घोषित करने वाला कौन है। मनोज त्यागी की शिकायत के बाद भी उसी समय दोबारा गिनती नहीं कराई गई।
दूसरे गांव की पेटी उठा लाए
मतगणना के दौरान निर्वाचन के स्ट्रांग रूम से छपार की मत पेटी लाई जानी थी। इस बीच छपार न्याय पंचायत के अन्य गांव की पेटी आ गई। एसडीएम दोबारा खुद स्ट्रांग रूम पहुंचे और छपार गांव की मत पेटी लेकर आए। इसके बाद मतगणना प्रारंभ हो पाई।