जाट महासभा की ओर से सम्मानित किए मेधावी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। जाट महासभा जानसठ के तत्वावधान में मेधावी छात्र-छात्रा अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। ब्लॉक के 55 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। मेट्रो रेल कॉरपोरेशन दिल्ली प्रबंध समिति के मुख्य सलाहकार मंगू सिंह डबास ने कहा कि समय का सदुपयोग ही सफलता का मूल मंत्र और समय की प्रतिबद्धता सफलता की गारंटी है। युवा समस्याओं से न घबराएं।
गांव टनढेडा-जड़वड़ मार्ग पर स्थित हरियाली फार्म हाउस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेट्रो रेल कॉरपोरेशन दिल्ली प्रबंध समिति के मुख्य सलाहकार मंगू सिंह डबास ने कहा कि समस्याओं का सामना करने से समाधान मिलेगा। सफलता के लिए हमेशा संघर्ष करते रहे। आंखें खोल कर समाज की घटनाओं पर निगाह रखें। जहां मौका मिले सीखने का प्रयास करें। शिक्षा, माता-पिता, समाज हमेशा अच्छी सीख देते है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करते रहें। जो अच्छी सोच रखते हैं, वह कभी नाकाम नहीं होते। लक्ष्य हासिल करने के लिए मनोबल मजबूत रखें। समय का सदुपयोग ही सफलता का मूल मंत्र और समय की प्रतिबद्धता सफलता की गारंटी है।
विशिष्ट अतिथि एसके वर्मा ने कहा कि युवा पथ भ्रष्ट होने से बचें। नशाखोरी हमारे समाज का विनाश कर देगी। युवाओं को भारतीय संस्कृति व हमारी सामाजिक व्यवस्था को समझना चाहिए। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि समाज का विघटन रोकना होगा। एकता ही हमारी ताकत है। युवा अगर शिक्षित होगा, देश की उन्नति में हमारी भागीदारी हमारे समाज के शौर्य को और ऊंचा स्थान दिलाएगा। इस मौके पर सत्येंद्र दलाल, मनोज चौधरी, डॉ एसके काकरान, राजवीर चौधरी, अंकुर काकरान, यशपाल चौधरी ने भी विचार रखें। संचालन संतोष वर्मा और अध्यक्षता जानसठ ब्लाक प्रमुख नरेंद्र चौधरी ने की।
इन्हें किया गया सम्मानित
हाई स्कूल में यश, सविता चौधरी, कनिष्का, हिमांशु राठी, कनक पंवार, आर्यन चौधरी और इंटर में भूमिका धामा, हंसिका काकरान, प्रियांशी, सीमा चौधरी, कीर्ति चौधरी, सना समेत अन्य को सम्मानित किया गया।