आस्था के रंग में डूबा शहर
जिले की सड़कों पर शुक्रवार को खूब दौड़ी डाक कांवड़
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर/खतौली। सड़कों पर श्रद्धा का सैलाब है। शुक्रवार को डाक कांवड़ियों ने फर्राटा भरा। शिव भक्तों की टोली पीछे-पीछे और गंगाजल लेकर आगे आगे दौड़ता कांवडि़या। कुछ ऐसा ही नजारा पूरे कांवड़ मार्ग पर दिखाई दिया। अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों की ओर कांवड़िए बढ़े जा रहे हैं।
बृहस्पतिवार रात से ही डाक कांवडि़ये आने शुरू हो गए थे। शहर के रुड़की रोड पर पैदल और डाक कांवड़ियों की संख्या अधिक हो जाने के कारण कई बार जाम की स्थिति बनीं। शुक्रवार सुबह से कांवड़ मार्ग पर डाक कांवड़ियों की भागमभाग रही। पैदल कांवड़ियों की संख्या कम, डाक कांवड़ियों की संख्या ज्यादा रही।
शहर आस्था के रंग में डूबा नजर आया। इस दौरान कांवड़ियों के वाहनों के दौड़ने की तेज आवाज से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था। पुलिस भी भूराहेड़ी सीमा से शामली के लालूखेड़ी और मेरठ की सीमा भंगेला तक सुरक्षा के लिए तैनात रही।
मोदी-योगी की कटआउट वाली कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र
खतौली। नगर में पहुंची झांकियाें को देखने वाले लोगों की भीड़ लग गई। मेरठ निवासी कांवड़िये सुबोध, सुनील, सुंदर, देवांश, कपिल आदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कटआउट लगी कांवड़ लेकर पहुंचे तो उनका स्वागत किया गया।
बुलडोजर वाली कांवड़ का स्वागत
खतौली। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रही बुलडोजर वाली कांवड़ को देखने के लिए लोग एकत्र हो गए। सकौती निवासी सुनील कुमार, अनिल कुमार, रंजीत कुमार, मनोज कुमार, आर्यन ने बताया कि उन्होंने कांवड़ लाने के लिए बुलडोजर खरीदा है।