मीरापुर। पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण गंगा बैराज का जल स्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया है। हालांकि, सिंचाई विभाग ने किसी खतरे से इन्कार किया है। बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे गंगा बैराज के डाउनस्ट्रीम में जल स्तर 219.00 मीटर दर्ज किया गया। यह गंगा बैराज के 220 मीटर के चेतावनी बिंदु से मात्र एक मीटर नीचे है। अपस्ट्रीम में जल स्तर 221.50 मीटर मापा गया। सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर घनश्याम दास ने बताया कि जल स्तर चेतावनी बिंदु से नीचे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी खतरे की कोई बात नहीं है। दोपहर तीन बजे गंगा नदी का निस्तारण 165429 क्यूसेक दर्ज किया गया। हरिद्वार से भी इसी समय 143969 क्यूसेक पानी गंगा में छोड़ा गया है। संवाद