मां के सामने बेटी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
मुजफ्फरनगर। शाहपुर क्षेत्र की महिला ने कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ बेटी से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शाहपुर क्षेत्र की महिला ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह गत एक फरवरी को बेटी के साथ रिश्तेदारी में सिखेड़ा से लौट रही थी। आरोप है कि महावीर चौक पर गांव बिराल निवासी शाहनवाज, इमरान, जहीर, शेरजान व एक अज्ञात ने उन्हें शाहपुर तक लिफ्ट देने की बात कहकर बोलेरो में बैठा लिया। आरोप है कि वे मां-बेटी को पिस्टल के दम पर डरा-धमकाकर अगवा कर हाजीपुरा गांव में ले गए, जहां एक मकान में उन्हें बंधक बना लिया गया। इसके बाद पांचों आरोपियों ने महिला के सामने ही उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रात पर शोषण करने के बाद आरोपी अगले दिन सुबह उन्हें छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद उन्होंने सिविल लाइंस थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इंस्पेक्टर उम्मेद सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।